दिल्ली पुलिस ने अपहरण के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने अपहरण के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 05:39 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक कारोबारी को अगवा कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो जनवरी से फरार 29 वर्षीय मोहम्मद वामिक को मंगलवार को न्यू अशोक नगर से गिरफ्तार कर लिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वामिक को 24 मार्च को एक अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था और 27 अप्रैल को उसकी गिरफ्तारी पर 20,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।

यह मामला शाहीन बाग थाने में दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 44 वर्षीय व्यवसायी निज़ामुद्दीन का अपहरण उस समय किया गया जब वह गाजियाबाद में अपनी फैक्टरी जा रहे थे।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि निज़ामुद्दीन अपनी कार लेने के लिए ओखला मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे थे, तभी तीन लोगों ने उन्हें एक कार में जबरन बैठा लिया और उन्हें एक रासायनिक पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी उन्हें जसोला की ओर ले गए और बाद में उन्हें दूसरी कार में बिठा लिया। इसी दौरान बदमाशों ने निज़ामुद्दीन से दो करोड़ रुपये की मांग की और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘जब आरोपी एक पेट्रोल पंप पर रुके तो पीड़ित भाग निकला। बाद में वह कैब से गाजियाबाद में अपनी फैक्टरी पहुंचा और पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद तीन जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई।’’

पुलिस ने कहा कि वामिक वारदात का कथित मुख्य साजिशकर्ता था और वह पीड़ित के साथ-साथ उसकी आर्थिक स्थिति को भी जानता था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले तीन आरोपियों – रिजवान, तैयब और अयाज खान को पहले गिरफ्तार कर लिया गया था और एक कार बरामद की गई थी।

भाषा नोमान नोमान शफीक

शफीक