दिल्ली : पूर्व प्रेमिका की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में स्केच आर्टिस्ट गिरफ्तार

Ads

दिल्ली : पूर्व प्रेमिका की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में स्केच आर्टिस्ट गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 22, 2022 / 10:10 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:48 PM IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) पुलिस ने पूर्व प्रेमिका की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर कथित रूप से डालने के आरोप में 22 वर्षीय स्केच आर्टिस्ट को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी की पहचान झारखंड में रांची के डोरंडा निवासी मोहम्मद तंजीम अहमद के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि महिला, अहमद के स्केच और सोशल मीडिया पर उसके फॉलोवर्स की संख्या से प्रभावित थी।

दिल्ली विश्वविद्यालय के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की इस छात्रा ने साइबर नॉर्थ थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि फरवरी में दोनों इस्टाग्राम पर मिले और रिलेशनशिप में थे। तहरीर के अनुसार, धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी और अहमद के जोर देने पर छात्रा ने अपनी कुछ निजी तस्वीरें उसके साथ साझा की।

कुछ दिन पहले छात्रा पहली बार अहमद से मिली। उस दौरान छात्रा ने यूं ही अहमद का मोबाइल फोन देखा, और पाया कि उसकी कुछ आपतिजनक तस्वीरें उसके गूगल ड्राइव में हैं।

तहरीर के अनुसार, छात्रा ने पाया कि अहमद के फोन में और लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो भी थे, जिसके बाद उनका ब्रेकअप हो गया।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ब्रेकअप से नाराज होकर अहमद ने छात्रा की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाल दीं।

उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता से घटना से जड़ी सारी जानकारी ले ली गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी अहमद को जामा मस्जिद इलाके से पकड़ा गया और पूछताछ के बाद मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

भाषा अर्पणा नरेश

नरेश