दिल्ली : हत्या के मामले में वांछित दो नाबालिग पकड़े गए

Ads

दिल्ली : हत्या के मामले में वांछित दो नाबालिग पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 12:52 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 12:52 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अशोक विहार के पिकनिक हट पार्क में एक शख्स की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इन दोनों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई थी और अपराध करने के बाद से ही वे फरार थे।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने एक बयान में बताया कि अपराध शाखा की उत्तरी रेंज-एक की टीम को सूचना मिली थी कि भारत नगर थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित दो संदिग्ध रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने एक सहयोगी से पैसे लेने के लिए मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास आएंगे, जिसके बाद जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया गया।

उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिगों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने खुलासा किया कि करीब दो महीने पहले इसी पार्क में लड़कों के एक समूह ने उनमें से एक के साथ मारपीट की थी, और उसे अपमानित किया था।

डीसीपी ने बताया कि इसी का बदला लेने के लिए छह अप्रैल को दोनों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर पिकनिक हट पार्क में पीड़ित को पकड़ लिया। वे उसे झाड़ियों के पीछे खींच ले गए और उस पर हमला किया तथा चाकू घोंप कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारत नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों को अभिरक्षा में ले लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान यासिर मनीषा

मनीषा