दिल्ली में साल की पहली बारिश, वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ

दिल्ली में साल की पहली बारिश, वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ

दिल्ली में साल की पहली बारिश, वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ
Modified Date: January 23, 2026 / 11:15 am IST
Published Date: January 23, 2026 11:15 am IST

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) दिल्ली में शुक्रवार की सुबह कई जगहों पर बारिश होने से, लंबे समय से जारी शुष्क सर्दियों का दौर आखिरकार खत्म हो गया और राष्ट्रीय राजधानी में इस साल की पहली बारिश दर्ज की गई।

आंधी और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने दिल्ली में उच्च प्रदूषण स्तर से कुछ समय के लिए राहत दिलाई।

मौसम विभाग ने बताया कि मौसम में यह बदलाव इस साल के पहले तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पालम में भी 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, लोदी रोड पर 1.6 मिलीमीटर, रिज में 1.8 मिलीमीटर, आयानगर में 1.7 मिलीमीटर, जनकपुरी में 1.5 मिलीमीटर और मयूर विहार में 1.0 मिलीमीटर बारिश हुई।

आईएमडी के दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में सुबह से दोपहर से पहले तक एक या दो दौर की बारिश होगी और दोपहर और शाम के बीच एक बार फिर बहुत हल्की से हल्की बारिश का अनुमान है।

मौसम संबंधी चेतावनी को ‘ऑरेंज’ श्रेणी से घटाकर ‘येलो’ श्रेणी में कर दिया गया है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश…. ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं।

बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर ऐप’ के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 293 रहा जो ‘‘खराब’’ श्रेणी में आता है, जबकि बृहस्पतिवार शाम चार बजे यह 313 दर्ज किया गया था। निगरानी केंद्रों में से 23 ने एक्यूआई को ‘‘अत्यंत खराब’’ श्रेणी में, 15 केंद्रों ने ‘‘खराब’’ श्रेणी में और एक केंद्र में वायु गुणवत्ता ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में दर्ज की।

राजधानी भर में तापमान में भिन्नता देखी गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बीते दिन की तुलना में सात डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि पालम में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, लोदी रोड पर 14.1 डिग्री सेल्सियस, रिज पर 13.7 डिग्री और आयानगर में 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया जो पिछले दिन की तुलना में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।

हालांकि, अधिकतम तापमान के लगभग 18 डिग्री सेल्सियस बने रहने की उम्मीद है जो बृहस्पतिवार के 27.1 डिग्री सेल्सियस से काफी कम है।

आईएमडी ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुक्रवार को भी जारी रहेगा जिससे बारिश, बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आईएमडी ने कहा है कि दिल्ली, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान कुछ घंटों के लिए बारिश से प्रभावित हो सकते हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि बारिश के कारण राजमार्गों और अन्य सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है इसलिए वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता सुबह साढ़े छह बजे 2500 मीटर से घटकर 1000 मीटर रह गई। दृश्यता आगे और घटकर 800 मीटर तक पहुंचने की संभावना है।

इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में समग्र वायु गुणवत्ता में सुधार का हवाला देते हुए चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तीसरे चरण को रद्द कर दिया। हालांकि, पहले और दूसरे चरण के उपाय लागू रहेंगे।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में