हैदराबाद: विस्फोटक जब्त, मामला दर्ज

हैदराबाद: विस्फोटक जब्त, मामला दर्ज

हैदराबाद: विस्फोटक जब्त, मामला दर्ज
Modified Date: September 3, 2026 / 03:19 pm IST
Published Date: September 3, 2026 3:19 pm IST

हैदराबाद, तीन सितंबर (भाषा) सिकंदराबाद छावनी क्षेत्र में सेना के एक प्रतिष्ठान से हथियार और गोला-बारूद चोरी होने के कुछ दिन बाद एक निजी रियल एस्टेट परियोजना स्थल पर लावारिस हालत में 160 विस्फोटक मिले हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि दो सितंबर को बोलारम थाना क्षेत्र में एक रिहायशी जगह पर विस्फोटक मिले। इससे पहले सेना के एक केंद्र से असॉल्ट राइफल, पिस्तौल, मैगजीन और गोला-बारूद चोरी होने के बाद पुलिस ने तलाशी शुरू की थी।

हथियारों की चोरी का पता 31 अगस्त को चला था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बरामद विस्फोटक का सेना के प्रतिष्ठान से हुई चोरी से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘यह सेना का क्षेत्र नहीं है… और यह सेना की संपत्ति भी नहीं है (जहां विस्फोटक मिले थे)। आशंका है कि निजी परियोजना में लोगों ने एक साल से अधिक समय पहले बड़े पत्थरों को नष्ट करने के लिए इन विस्फोटकों का इस्तेमाल किया होगा। इसका सेना या मौजूदा मामले से कोई संबंध नहीं है।’

अधिकारी ने बताया कि विस्फोटक जब्त कर लिए गए हैं, मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भंडारण केंद्र से पांच असॉल्ट राइफल, सात पिस्तौल, 21 मैगजीन, गोला-बारूद और रात में देखने में इस्तेमाल होने वाली दूरबीन चोरी हुई थी।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव


लेखक के बारे में