द्वारका में बनेगा दिल्ली का एक राज्य अतिथि गृह

Ads

द्वारका में बनेगा दिल्ली का एक राज्य अतिथि गृह

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 10:47 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 10:47 PM IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के द्वारका में लगभग 152 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली का एक राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली की व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की हाल में हुई बैठक में मंजूरी दी गई।

दिल्ली सरकार को आधिकारिक दौरों, बैठकों और सम्मेलनों के लिए बड़ी संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों और मेहमानों की मेजबानी करनी पड़ती है।

दिल्ली सरकार का अपना कोई समर्पित राज्य अतिथि गृह नहीं है, इसलिए बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने और आतिथ्य संबंधी जरूरतों में परेशानियां आती हैं।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार के मेहमानों के लिए विश्वसनीय, सुरक्षित और किफायती आवास सुविधाएं प्रदान करने के लिए इस राज्य अतिथि गृह का नाम ‘दिल्ली सदन’ रखा जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि प्रस्तावित ‘दिल्ली सदन’ द्वारका सेक्टर 19 में विकसित किया जाएगा, जो देश या विदेशों की सर्वोत्तम प्रथाओं पर आधारित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

यह अतिथि गृह 3899.42 वर्ग मीटर भूमि पर बनाया जाएगा।

राज्य अतिथि गृह की इमारत में मध्यकालीन दिल्ली की पुरानी वास्तुकला/प्राचीन विरासत भवनों के तत्व शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि अतिथि गृह के लिए भूमि मार्च 2020 में डीडीए द्वारा दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग को आवंटित की गई थी।

अधिकारियों ने कहा कि ईएफसी की बैठक में पर्यटन विभाग की सिफारिशों पर विचार करने के बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी और स्वीकृति दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि संबंधित एजेंसियों से उचित मंजूरी मिलने के बाद 151.97 करोड़ रुपये की इस परियोजना के 21 महीनों में पूरे होने की संभावना है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश