जम्मू, 19 जून (भाषा) वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के कठुआ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी। अधिकारियों के अनुसार यात्रा अनंतनाग जिले में पारंपरिक नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से संचालित की जाएगी। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा।
अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा ने कठुआ रेलवे स्टेशन का दौरा किया और तीन जुलाई से शुरू होने वाली तीर्थयात्रा की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मिश्रा ने कहा, ‘समीक्षा की गई और हम यहां व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर रहे हैं। सभी एजेंसियों के समन्वय से काम किया जा रहा है तथा उन्नत उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। आज इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई और हम बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए व्यवस्था को मजबूत करेंगे।’
उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, पुलिस विभाग आदि के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश