जम्मू, 26 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने शनिवार को उधमपुर का दौरा कर कठुआ से सटे ऊंचाई वाले इलाकों में जारी आतंकवाद रोधी अभियानों की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इन इलाकों का इस्तेमाल एक समय घुसपैठ करने वाले आतंकवादियों ने अंदरूनी क्षेत्रों में प्रवेश करने के लिए किया था।
पुलिस प्रमुख का यह दौरा 17 सितंबर को माजलता के सोआन इलाके में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकवादियों के मारे जाने के कुछ दिन बाद हुआ है।
जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक तेजिंदर सिंह के साथ पहुंचे डीजीपी ने उधमपुर-कठुआ क्षेत्र में जारी अभियानों की समीक्षा की। उधमपुर पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि अधिकारियों ने उन बहादुर जवानों को भी सम्मानित किया, जिनके असाधारण प्रयासों से ऑपरेशन सोआन में जैश के दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता मिली।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत