इरोड, आठ मार्च (भाषा) अन्नाद्रमुक प्रमुख ई. के. पलानीस्वामी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर पलटवार करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अपने सहयोगी दल कांग्रेस की ‘गुलाम’ है।
पलानीस्वामी ने इरोड के पेरुंथुरई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और द्रमुक लगभग 20 दिनों से सीट बंटवारे और संबंधित मामलों को लेकर जुबानी जंग में जुटे हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंततः कांग्रेस पार्टी ने अपने सहयोगी द्रमुक को धमकाया और इस साल अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 28 सीटें हासिल कर लीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग यह बात नहीं भूले हैं कि द्रमुक के संरक्षक नेता एम. करुणानिधि के जीवित रहते हुए भी कांग्रेस पार्टी ने द्रमुक को डराया-धमकाया और उसे ‘गुलाम’ बनाकर उसके साथ गठबंधन किया था।
उन्होंने दावा किया कि सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान ‘छापेमारी’ करके यह सब हासिल किया गया।
पलानीस्वामी ने कहा कि उनकी पार्टी अन्नाद्रमुक एक स्वतंत्र पार्टी है जिसने 2024 के लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि द्रमुक को सत्ता से बेदखल करने के लिए उनकी पार्टी ने एक गठबंधन बनाया है और यह द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के विपरीत मजबूत, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश