डॉ. निखिल टंडन एम्स दिल्ली के अंतरिम निदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे

Ads

डॉ. निखिल टंडन एम्स दिल्ली के अंतरिम निदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 04:29 PM IST

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के वरिष्ठ एंडोक्राइनोलॉजिस्ट और डीन (अकादमिक) डॉ. निखिल टंडन संस्थान के अंतरिम निदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे। एम्स दिल्ली की ओर से सोमवार को जारी एक कार्यालय ज्ञापन में यह जानकारी दी गई है।

ज्ञापन के मुताबिक, अंतरिम निदेशक के रूप में डॉ. टंडन की नियुक्ति डॉ. एम. श्रीनिवास के नीति आयोग में पूर्णकालिक सदस्य के रूप में शामिल होने के मद्देनजर की गई है। यह व्यवस्था एम्स नियम, 2019 के नियम 9(4) के तहत की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है, “एम्स दिल्ली के अध्यक्ष को यह आदेश देते हुए खुशी हो रही है कि एंडोक्राइनोलॉजी एवं मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख और संस्थान के डीन (अकादमिक) प्रोफेसर डॉ. निखिल टंडन अपने आधिकारिक कर्तव्यों के अलावा एम्स दिल्ली के निदेशक के कार्यों को भी संभालेंगे।”

इसमें कहा गया है कि यह कार्य व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और छह महीने की अवधि तक या इस पद पर नियमित कर्मचारी की नियुक्ति होने तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी।

ज्ञापन के अनुसार, डॉ. टंडन इस भूमिका के लिए किसी भी अतिरिक्त पारिश्रमिक या मानदेय के हकदार नहीं होंगे।

प्रसिद्ध एंडोक्राइनोलॉजिस्ट एवं शोधकर्ता डॉ. टंडन हृदय और चयापचय संबंधी रोगों तथा मधुमेह के उपचार में विशेषज्ञता रखते हैं। वह कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जन स्वास्थ्य और अनुसंधान पहलों से जुड़े रहे हैं।

डॉ. टंडन ने विभिन्न विशेषज्ञ समूहों में सेवाएं दी हैं। वह मधुमेह, मोटापा और दीर्घकालिक रोग प्रबंधन पर शोध में योगदान के लिए जाने जाते हैं।

डॉ. एम. श्रीनिवास को 2022 में एम्स दिल्ली का निदेशक नियुक्त किया गया था। उन्हें हाल में नीति आयोग का पूर्णकालिक सदस्य नामित किया गया है।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप