जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की वकालत की

Ads

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की वकालत की

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 07:44 PM IST

जम्मू, 27 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को वाशिंगटन के एक कार्यक्रम में हुई गोलीबारी की घटना की निंदा की, जहाँ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मौजूद थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और ट्रंप के सुरक्षित बच जाने पर राहत व्यक्त की।

अब्दुल्ला ने पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित करने की पुरजोर वकालत की और कहा कि बातचीत जारी रहनी चाहिए, भले ही वह वैकल्पिक माध्यमों से ही क्यों न हो।

अब्दुल्ला ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘भगवान का शुक्र है कि वह (ट्रंप) बच गए और मैं नहीं चाहता था कि उन्हें कुछ हो।’

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में रविवार को संवाददाताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे।

सीक्रेट सर्विस के एजेंट ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।

राजनीति को ‘बहुत ही गंदी चीज’ बताते हुए उन्होंने कहा कि मतभेदों को मौखिक और लोकतांत्रिक ढंग से व्यक्त किया जाना चाहिए, न कि हिंसा के जरिए।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘किसी को नुकसान पहुंचाना कहीं भी कभी भी जायज नहीं ठहराया जा सकता। इस तरह के जानलेवा हमले कतई स्वीकार्य नहीं हैं और मुझे उम्मीद है कि इस तरह की घटनाएं किसी भी राजनेता के साथ कभी न हों।’

मध्यस्थता के अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान में ईरान से संबंधित अमेरिका की दूत-स्तरीय वार्ताओं के रद्द होने पर भी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि बातचीत जारी रहनी चाहिए, भले ही वह किसी वैकल्पिक माध्यम से ही क्यों न हो। उन्होंने कहा, ‘अगर बातचीत फोन पर होती है, तो भी ठीक है, लेकिन यह होनी चाहिए।’

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप