चंडीगढ़, 20 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने सोमवार को होशियारपुर में मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के एक मॉड्यूल के भंडाफोड़ का दावा किया। पुलिस ने चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ नौ किलोग्राम से अधिक हेरोइन, दो पिस्तौल तथा 40 कारतूस बरामद किए।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “होशियारपुर जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के एक अंतरराज्यीय/विदेशी संपर्क वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनके पास से 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो विदेश निर्मित पिस्तौल, आठ मैगजीन एवं 40 कारतूस बरामद किये।”
यादव के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल विदेशी अपराधियों के स्थानीय संचालक के रूप में काम कर रहे थे।
होशियारपुर के गढ़शंकर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पुलिस महानिदेशक के मुताबिक आगे की जांच जारी है।
भाषा वैभव
वैभव