दिफू (असम), 29 अक्टूबर (भाषा) असम के कार्बी आंगलोंग जिले से शनिवार को 15 करोड़ रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ मॉर्फिन जब्त किया गया और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई करते हुए दिलाई में एक जांच चौकी स्थापित की गई। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे, मणिपुर से आ रहे उत्तर प्रदेश की पंजीकरण संख्या वाले एक वाहन को रोका गया। वाहन की गहन तलाशी के बाद, वाहन के पिछले हिस्से में छिपाया हुआ लगभग चार किलोग्राम मॉर्फिन बरामद किया गया।’’
अधिकारी ने कहा कि इस नशीले पदार्थ की बाजार कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मणिपुर के रहने वाले हैं।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश