द्वारका एक्सप्रेसवे हादसे में मृतकों की संख्या तीन हुई, एक और मजदूर की मौत

Ads

द्वारका एक्सप्रेसवे हादसे में मृतकों की संख्या तीन हुई, एक और मजदूर की मौत

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 10:37 PM IST

गुरुग्राम, 18 सितंबर (भाषा) द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर श्रीराम चौक के पास हुए भीषण सड़क हादसे में घायल ठेकेदार की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान सुनील चंद के रूप में हुई है। उनकी मौत के साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

पुलिस के अनुसार, कार चालक दिल्ली विश्वविद्यालय का 20 वर्षीय छात्र वेदन खन्ना था। वह भी हादसे में घायल हो गया और उसे फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया।

यह हादसा बृहस्पतिवार को उस समय हुआ, जब श्रीराम चौक के पास डिवाइडर को सुरक्षित करने के लिए लोहे की ग्रिल लगाने का काम चल रहा था। इस दौरान तीन मजदूर और चंद वहां मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, उनमें से दो लोग ग्रिल के स्क्रू कस रहे थे, जबकि दो अन्य उसे पकड़कर अपनी जगह पर बनाए हुए थे। तभी उन्होंने देखा कि दिल्ली की ओर से आ रही एक सफेद ‘शेवरले बीट’ कार अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आ रही है। कार सीधे वहां खड़े मजदूरों से टकरा गई जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुनील चंद समेत अन्य दो लोगों ने खुद को बचाने के लिए एक्सप्रेसवे के बीच में बनी ग्रीन बेल्ट को पार करने के लिए छलांग लगा दी थी, लेकिन तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें भी टक्कर मार दी।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल