चीन के साथ एफडीआई नियमों में ढील आश्चर्यजनक नहीं : कांग्रेस

Ads

चीन के साथ एफडीआई नियमों में ढील आश्चर्यजनक नहीं : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 10:40 PM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 10:40 PM IST

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने चीन के साथ प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के नियमों में ढील दिये जाने को लेकर मंगलवार को सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह फैसला आश्चर्यजनक नहीं है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2020 में 20 भारतीय जवानों की शहादत के बाद इसी देश को ‘क्लीन चिट’ दी थी।

सरकार ने मंगलवार को चीन समेत भारत के साथ सीमा साझा करने वाले सभी देशों के लिए प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नियमों को आसान बना दिया है। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि मोदी सरकार ने लद्दाख के देपसांग, डेमचोक और चुमार में गश्त के अधिकार खोने की बात भी स्वीकार की है।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘चीन से एफडीआई के लिए नियमों में ढील देने का मोदी सरकार का फैसला आश्चर्यजनक नहीं है। यह मोदी सरकार के उस देश के प्रति सोचे-समझे समर्पण का हिस्सा है, जिसे पूर्वी लद्दाख में 20 भारतीय जवानों के शहीद होने के बाद 19 जून 2020 को खुद नरेन्द्र मोदी ने क्लीन चिट दे दी थी।’

उन्होंने कहा, ‘चीन-भारत संबंधों को चीन की शर्तों पर सामान्य किया जा रहा है, यहां तक कि 2025 में भारत का व्यापार घाटा 115 अरब डॉलर से अधिक के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। मोदी सरकार ने लद्दाख के देपसांग, डेमचोक और चुमार में गश्त के अधिकार खोने की बात भी स्वीकार की है।’

भाषा हक जितेंद्र दिलीप

दिलीप