पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम ‘कंगाल’ हो गए हैं, कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे सकते : सिसोदिया

Ads

पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम ‘कंगाल’ हो गए हैं, कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे सकते : सिसोदिया

  •  
  • Publish Date - January 14, 2021 / 03:21 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:59 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जनवरी (भाषा) दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम ‘कंगाल’ हो गए हैं और अपने कर्मचारियों को वेतन देने की स्थिति में भी नहीं है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम कंगाल हो गए हैं, उनके बैंक खातों में क्रमश: 12 करोड़ और 99 लाख रुपये हैं। उन्हें दिल्ली सरकार को 6,276 करोड़ रुपये का ऋण चुकाना है। भाजपा ने दिल्ली नगर निगमों को कंगाल कर दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘14 साल के भ्रष्ट शासन में भाजपा ने एमसीडी को बर्बाद कर दिया है। नगर निगम अपने कर्मचारियों को वेतन देने तक की स्थिति में नहीं है। यहां तक कि भाजपा नेता भी मानते हैं कि एमसीडी में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।’’

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों का बजट कम करने के बाद, एमसीडी कर्मचारियों को वेतन देने के लिए हम 938 करोड़ रुपये उन्हें दे रहे हैं।’’

भाषा अर्पणा उमा

उमा