सुबह सेहतमंद नाश्ता करने का कालांतर में स्वास्थ्य पर अच्छा असर पड़ता है : विशेषज्ञ

Ads

सुबह सेहतमंद नाश्ता करने का कालांतर में स्वास्थ्य पर अच्छा असर पड़ता है : विशेषज्ञ

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 03:54 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि दिन की शुरुआत में सेहतमंद नाश्ता करना कालांतर में आपके स्वास्थ्य के लिए बेहतर साबित हो सकता है।

उनका कहना है कि सुबह के समय खाने-पीने की आसान और लंबे समय तक अपनाई जा सकने वाली आदतें ही अक्सर सेहतमंद रहने की नींव रखती हैं।

मैक्स हेल्थकेयर में डायटेटिक्स की क्षेत्रीय प्रमुख रितिका समाद्दार ने कहा कि सेहतमंद आदतें अपनाना मुश्किल नहीं है।

रितिका ने कहा, ‘‘मेरे अनुभव में, पोषण की सबसे सफल दिनचर्या बेहद आसान होती है और जिन्हें लोग लगातार अपना सकते हैं। दिन की शुरुआत पौष्टिक खाने से करने और सोच-समझकर चुनाव करने, जैसे-संतुलित नाश्ते या सुबह के हल्के-फुल्के खाने में बादाम को शामिल करने- से लोगों को अपनी सेहत से जुड़े लक्ष्यों को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अक्सर यही छोटी-छोटी और लगातार अनुसरण की जाने वाली आदतें ही समय के साथ सबसे बड़ा फर्क लाती हैं।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली की आहार विशेषज्ञ मोनिता गहलोत ने कहा कि दिन का पहला खाना बेहतर पाचन, ऊर्जा स्तर बनाए रखने, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को बेहतर बनाने और कुल मिलाकर पोषण की गुणवत्ता को अच्छा बनाने में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज की भागदौड़ भरी शहरी जीवनशैली में, बहुत से लोग नाश्ता छोड़ देते हैं या ऐसे खाने पर निर्भर रहते हैं जो सुविधाजनक तो है, लेकिन पोषण के लिहाज से खराब है; इससे समय के साथ शरीर को मिलने वाले पोषक तत्वों की कमी हो सकती है और सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश