चेन्नई, 15 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को चेन्नई स्थित कुछ संस्थानों पर छापेमारी की। इन संस्थानों पर विदेश में सक्रिय एक नेटवर्क से नकद विदेशी मुद्रा प्राप्त करने का आरोप है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की गई यह कार्रवाई पिछले सप्ताह तमिलनाडु की राजधानी में सेनेगल के एक नागरिक से लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के अमेरिकी डॉलर बरामद होने के बाद शुरू की गई जांच का हिस्सा है।
अधिकारियों के अनुसार, विदेशी नागरिक ने पूछताछ में बताया था कि कुछ स्थानीय इकाइयों को नियमित रूप से नकद विदेशी मुद्रा उपलब्ध कराई जाती थी। उन्होंने कहा कि ईडी ऐसे कम से कम तीन इकाइयों पर छापेमारी कर रही है, जिन्हें विदेशी नागरिकों के माध्यम से नकद विदेशी मुद्रा मिल रही थी।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश