नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारत और कंबोडिया में सक्रिय एक मानव तस्करी गिरोह से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत पंजाब और उत्तर प्रदेश में बुधवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह पर संगठित मानव तस्करी, साइबर धोखाधड़ी और इन अवैध गतिविधियों से प्राप्त अपराध की धनराशि को धनशोधन के जरिये वैध दिखाने में शामिल होने का संदेह है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में छापेमारी के दौरान उन व्यक्तियों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई, जिन्होंने एजेंट के रूप में काम किया और विदेशों में नौकरी दिलाने के झूठे बहाने से पीड़ितों की तस्करी कंबोडिया में की।
उन्होंने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दायर किया गया यह मामला दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी और आरोप-पत्र पर आधारित है।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश