विजयन, उनकी बेटी और रियास के खिलाफ ईडी के पत्र की कानून के अनुसार पड़ताल की जाएगी: मंत्री चेन्निथला

Ads

विजयन, उनकी बेटी और रियास के खिलाफ ईडी के पत्र की कानून के अनुसार पड़ताल की जाएगी: मंत्री चेन्निथला

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 02:54 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 02:54 PM IST

तिरुवनंतपुरम, आठ सितंबर (भाषा) केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को कहा कि सीएमआरएल से जुड़े कथित रिश्वत मामले में पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी बेटी टी. वीणा और दामाद पी. ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा राज्य के पुलिस महानिदेशक को भेजे गए पत्र की पड़ताल की जाएगी और कानून के अनुसार फैसला लिया जाएगा।

उनकी यह प्रतिक्रिया प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रवाडा ए. चंद्रशेखर को पत्र भेजे जाने संबंधी मीडिया रिपोर्ट सामने आने के कुछ ही देर बाद आई।

चेन्निथला ने कहा कि उन्होंने डीजीपी से बात की है और पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें यह पत्र करीब 10 मिनट पहले ही मिला है।

चेन्निथला ने कहा, ‘‘डीजीपी पत्र पर गौर करेंगे, जिसके बाद यह तय किया जाएगा कि कानून के अनुसार क्या कार्रवाई की जानी चाहिए। अगर डीजीपी को कोई पत्र मिलता है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करेंगे। कृपया इसके लिए इंतजार करें।’’

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66(2) के तहत यह पत्र भेजा है और इसमें उक्त मामले में की गई उसकी जांच के दौरान सामने आए निष्कर्षों का हवाला दिया गया है।

धन शोधन रोधी कानून की यह धारा ईडी को अपनी आपराधिक जांच के निष्कर्ष किसी कानून प्रवर्तन एजेंसी के साथ साझा करने का अधिकार देती है, ताकि उसके आधार पर नयी प्राथमिकी या शिकायत दर्ज की जा सके। ऐसी पुलिस प्राथमिकी के आधार पर ईडी पीएमएलए के तहत मामला दर्ज कर सकती है।

सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पीएमएलए के तहत इस मामले में जांच और छापेमारी के दौरान मिले ‘‘साक्ष्यों’’ के आधार पर विजयन, उनकी बेटी वीणा, रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केरलम के डीजीपी से पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।

ईडी का आरोप है कि केरलम की खनन कंपनी ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) ने वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को ‘आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं’ के नाम पर कथित तौर पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था।

केंद्रीय एजेंसी ने जून में वीणा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस समय वह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में किराये के मकान में विजयन के साथ रह रही थीं। इसके बाद ईडी ने उनसे पूछताछ भी की थी।

भाषा गोला नरेश

नरेश