बदायूं (उप्र), 25 मई (भाषा) बदायूं जिले में एक वॉटर पार्क में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत के मामले में पिता की शिकायत के बाद बच्चे का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, जफर अलवी का आठ वर्षीय पुत्र हसनैन दो दिन पहले अपने चाचा के साथ अलापुर थाना क्षेत्र के भसराला गांव स्थित एक वॉटर पार्क में नहाने गया था, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि परिजनों ने उसी दिन बच्चे के शव को दफना दिया था, लेकिन बाद में जफर के दिल्ली से लौटने पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके उपरांत प्रशासन ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया।
नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासनिक जांच में पता चला कि यह वॉटर पार्क बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था और यह निर्माणाधीन था।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यहां युवा और बच्चे नहाने आ रहे थे, जबकि सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे।
सिंह ने बताया कि स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने परिसर को तत्काल सील कर दिया है।
जफर की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर वॉटर पार्क के केयरटेकर नदीम को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वॉटर पार्क का मालिक इन दिनों हज यात्रा पर गया हुआ है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी