नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर सोमवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने ‘‘अराजकता और पूरी तरह अफरा-तफरी’’ की स्थिति पैदा कर दी है जिसकी चपेट में हर कोई आ रहा है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के पूर्व महानिदेशक आर.एस. शर्मा का एक लेख साझा किया। इस लेख में शर्मा ने कहा है कि लोगों से अपनी नागरिकता साबित करने के लिए कहना राज्य की विफलता है।
रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘निर्वाचन आयोग ने अराजकता और पूरी तरह अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी है, जिसकी चपेट में हर कोई आ रहा है।’’
कांग्रेस ने पिछले सप्ताह आरोप लगाया था कि निर्वाचन आयोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक हिस्से के रूप में काम कर रहा है और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मतदाता सूची में हेरफेर करके बहुमत ‘‘निर्मित’’ करने की ‘‘मोदी-शाह की रणनीति’’ का हिस्सा है।
निर्वाचन आयोग लगातार यह कहता रहा है कि मतदाता सूची के इस पुनरीक्षण का उद्देश्य मृत, दोहरे मतदाता, स्थानांतरित हो चुके और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाना तथा विदेशी नागरिकों की पहचान करना है।
भाषा हक हक नरेश
नरेश