कटरा/जम्मू, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) के कई विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर रविवार को तंज कसते हुए कहा कि ‘‘समय के साथ सबको समझ आ जाती है’’।
गुप्ता ने यहां माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में यह टिप्पणी की।
राज्यसभा सदस्य और ‘आप’ नेता राघव चड्ढा शुक्रवार को पार्टी के छह अन्य सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए गुप्ता ने कहा, ‘‘समय के साथ सबको समझ आ जाती है। मेरा मानना है कि देशहित में सभी को एक साथ आना चाहिए, ताकि सभी नागरिक आगे बढ़ सकें और मिलकर काम कर सकें, यही सही रास्ता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रार्थना करती हूं कि माता रानी सभी भारतीयों पर अपनी कृपा बनाए रखें और देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार प्रगति करता रहे। हर राज्य और हर नागरिक आगे बढ़े।’’
जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए उन्होंने कहा, ‘‘माता रानी का आशीर्वाद हमेशा उनपर बना रहे। मैं उनकी समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना करती हूं।’’
इससे पहले वैष्णो देवी यात्रा के आधार शिविर कटरा पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
भाषा गोला सुरेश
सुरेश