fatehpur news/ image source: ibc24
Bulandshahr Triple Murder Case: बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर में एक मामूली बात ने खूनी रूप ले लिया। बर्थडे पार्टी में चेहरे पर केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। इस सनसनीखेज वारदात में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Bulandshahr Triple Murder Case खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में देर रात हुई, जहां बर्थडे सेलिब्रेशन चल रहा था। बताया जा रहा है कि केक लगाने को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई। हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।
आज जब तीनों शव उनके घर पहुंचे, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल बेहद गमगीन हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
मौके पर एसपी सिटी समेत कई सीओ और विभिन्न थानों की भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा समाज को किस दिशा में ले जा रही है।