ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने पाकिस्तान लौटने के बाद सेना प्रमुख मुनीर से मुलाकात की

Ads

ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने पाकिस्तान लौटने के बाद सेना प्रमुख मुनीर से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:43 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:43 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) अमेरिका के साथ वार्ता के दूसरे दौर को लेकर अनिश्चितता के बीच तीन दिन में दूसरी बार पाकिस्तान पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को यहां पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल मुनीर और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद अराघची शनिवार को इस्लामाबाद से रवाना हुए थे। वह ओमान गए थे, जहां उन्होंने सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सैद के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और ईरान-अमेरिका संघर्ष को समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयासों पर बातचीत की।

ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ के अनुसार, इस्लामाबाद में संक्षिप्त प्रवास के बाद ईरानी नेता मॉस्को के लिए रवाना होंगे।

पाकिस्तान की ओर से इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया। बताया जा रहा है कि यह बैठक पाकिस्तान द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर की व्यवस्था करने के लिए जारी शांति प्रयासों पर केंद्रित है।

ग्यारह और बारह अप्रैल को आयोजित शांति वार्ता का पहला दौर संघर्ष में शामिल पक्षों के लिए वांछित परिणाम लाने में विफल रहा।

‘डॉन’ अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरानी नेता ओमान की एक दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद रावलपिंडी के नूर खान हवाई अड्डे पर पहुंचे।

अखबार के मुताबिक, इस्लामाबाद में अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान वह पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और उसके बाद मॉस्को के लिए रवाना होंगे।

पाकिस्तान ने अराघची के आगमन के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन ‘जियो न्यूज’ सहित निजी मीडिया ने राजनयिक सूत्रों के हवाले से पूर्व में ही खबर दी थी कि ईरानी विदेश मंत्री मॉस्को जाने से पहले एक संक्षिप्त यात्रा पर पाकिस्तान पहुंचेंगे।

शनिवार को अराघची के ओमान रवाना होने के बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब ईरान के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे।

रविवार को ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिकी और ईरानी अधिकारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए फोन पर बातचीत कर सकते हैं।

भाषा आशीष देवेंद्र

देवेंद्र