एक्सपो सेंटर का उद्घाटन : दक्षिणपश्चिम दिल्ली में कल यातायात बाधित रहने की आशंका

Ads

एक्सपो सेंटर का उद्घाटन : दक्षिणपश्चिम दिल्ली में कल यातायात बाधित रहने की आशंका

  •  
  • Publish Date - September 16, 2023 / 07:08 PM IST,
    Updated On - September 16, 2023 / 07:08 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर के पहले चरण का उद्घाटन करने के मद्देनजर दक्षिणपश्चिम दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से निर्मल धाम नाला तक यातायात बाधित रहने की आशंका है।

यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि एनएच-48 से निर्मल धाम नाला (यूईआर-2) तक के मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरे दिन प्रभावित रहेगी। यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी जाती है।

परामर्श में कहा गया है, ‘‘यात्रियों को नजफगढ़ के लिए एनएच-8 से बिजवासन नजफगढ़ रोड से जाने, नजफगढ़/द्वारका से यूईआर-2 के जरिए एनएच-48 के लिए : धुलसिरस चौक से द्वारका सेक्टर-23 के लिए बायीं ओर मुड़ने और रोड नंबर 224 से जाने की सलाह दी जाती है।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘द्वारका से गुरुग्राम के लिए : धुलसिरस रोड से बमनोली गांव की ओर जा सकते हैं और नजफगढ़ बिजवासन रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। द्वारका सब-सिटी और पश्चिमी दिल्ली के निवासी अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए पालम फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आम जनता को कम दिक्कतों का सामना करने के लिए पहले ही अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।’’

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को द्वारका में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन और एक्सपो सेंटर (आईआईसीईसी) के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे जिसे ‘यशोभूमि’ का नाम दिया गया है। साथ ही वह दिल्ली एक्सप्रेस मेट्रो एक्सप्रेस लाइन पर एक नए स्टेशन द्वारका सेक्टर-25 का भी उद्घाटन करेंगे।

भाषा गोला माधव

माधव