टिहरी में दलित युवक हत्याकांड में चश्मदीद गवाह दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

Ads

टिहरी में दलित युवक हत्याकांड में चश्मदीद गवाह दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 08:10 PM IST

नई टिहरी, 30 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले में दलित युवक केतन लाल की हत्या के मामले में घटना के चश्मदीद गवाह दिवाकर डिमरी को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि डिमरी को प्रकरण से जुड़ी नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया गया।

देवल गांव निवासी केतन (18) के पिता धनपाल लाल द्वारा पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सात जून की रात 11 बजे उनका बेटा अपने साथी डिमरी को लेकर नाबालिग लड़की के बुलावे पर उसके खोलगढ़ गांव स्थित घर पहुंचा था जहां लड़की के परिजनों ने दोनों को कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा।

अगली सुबह नाबालिग लड़की के पिता ने केतन के परिजन को फोन कर अपने बेटे को ले जाने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, जब वह खोलगढ़ पहुंचे तो केतन लहूलुहान हालत में मिला जिसे उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं घायल डिमरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अब डिमरी की गिरफ्तारी के साथ ही पिछले माह प्रतापनगर क्षेत्र के खोलगढ़ गांव में हुए इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है जहां मृतक के परिजनों ने बृहस्पतिवार को डिमरी की रिहाई और हत्या के कथित सहआरोपियों की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में धरना दिया।

हालांकि, बाद में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल से मिले निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद केतन के परिजनों और ग्रामीणों ने यह धरना समाप्त कर दिया।

इससे पहले, डिमरी की गिरफ्तारी के बाद लंबे समय से आंदोलन की चेतावनी दे रहे नाबालिग लड़की के परिजनों और क्षेत्र के लोगों द्वारा बुधवार को प्रस्तावित जिलाधिकारी कार्यालय घेराव और प्रदर्शन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की की मां की तहरीर पर 11 जुलाई को थाना लंबगांव में पॉक्सो अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में डिमरी के खिलाफ कथित दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

उधर, केतन हत्याकांड में कथित सह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के पिता धनपाल लाल, मां रुकमा देवी सहित अन्य परिजन और ग्रामीण बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केतन की हत्या में अन्य लोग भी शामिल थे, जिनके खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि केतन की पिटाई में नाबालिग लड़की की मां समेत अन्य लोगों की भी भूमिका थी।

धरने पर बैठे लोगों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराने, सभी सह आरोपियों को गिरफ्तार करने, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा गिरफ्तार किए गए चश्मदीद गवाह डिमरी की रिहाई की मांग उठाई।

जांच अधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और केतन की हत्या के संबंध में अब तक चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं दीप्ति शफीक

शफीक