फरीदाबाद में महिला ने 18 महीने की अपनी बेटी को नाले में फेंका : पुलिस

Ads

फरीदाबाद में महिला ने 18 महीने की अपनी बेटी को नाले में फेंका : पुलिस

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 07:39 PM IST

फरीदाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) फरीदाबाद में एक महिला ने 18 महीने की अपनी बेटी को नाले में फेंक दिया, जिससे डूबकर उसकी मौत हो गई। बच्ची महिला की छठी बेटी थी। महिला ने दावा किया कि उसने यह अपराध गरीबी के कारण अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ होने के कारण किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना धीरज नगर के पास 23 अप्रैल को हुई। मामला तब सामने आया, जब दो स्कूली बच्चों ने नाले के किनारे लोहे की जाली में फंसी बच्ची का शव देखा। पुलिस ने बताया कि शव को निकाल लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मामले की जांच कर रही अपराध शाखा की टीम को सीसीटीवी फुटेज मिली जिसमें बच्ची की मां उसे गोद में लेकर इलाके में घूमती नजर आई। इसके बाद वह अकेली लौटी। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के दौरान उसने बच्ची को नाले में फेंकने की बात कबूल कर ली। बच्ची की डूबने से मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान बिहार के मधुबनी निवासी नीलम के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद में अपने पति संजय के साथ रहती थी, जो एक निजी कंपनी में काम करता है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने कहा कि बच्ची उसकी छह बेटियों में सबसे छोटी थी और गरीबी के कारण उसे यह अपराध करने के लिए मजबूर होना पड़ा। अधिकारी ने बताया, ‘‘उसने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, और छह बेटियों के साथ, वह उनका ठीक से पालन-पोषण करने में असमर्थ थी।’’

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने कहा कि पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप