खाद के लिए कतार में धक्के खा रहे हैं किसान: अशोक गहलोत

Ads

खाद के लिए कतार में धक्के खा रहे हैं किसान: अशोक गहलोत

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 02:57 PM IST

जयपुर, 18 अगस्त (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खाद की कथित किल्लत का मुद्दा उठाते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि कई जिलों में किसान कतार में धक्के खा रहे हैं।

गहलोत ने इसको लेकर केंद्र एवं राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा सरकार के कृषि विभाग की सबसे शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। गोदामों में तीन लाख मीट्रिक टन से ज्यादा खाद मौजूद है लेकिन किसान घंटों कतार में खड़े होकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि पहले कमजोर मानसून के कारण खरीफ की बुआई लक्ष्य से 14.88 लाख हेक्टेयर पीछे रह गई और अब खाद की कथित किल्लत से बची-खुची फसलें भी नष्ट होने की कगार पर हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘केंद्र और राज्य सरकार स्टॉक पर्याप्त होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन भरतपुर सहित कई जिलों में किसान कतार में धक्के खा रहे हैं। यह लापरवाही नहीं, सुनियोजित लूट है। दुकानदार जानबूझकर किल्लत दिखाकर कालाबाजारी कर रहे हैं।’’

गहलोत ने कहा, ‘‘लोग आरोप लगा रहे हैं कि 266 रुपये की यूरिया की बोरी किसानों तक 500 रुपये में पहुंचाई जा रही है, जबकि किसानों के हिस्से की खाद उद्योगों को भेजी जा रही है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि विभाग ने निगरानी के नाम पर अधिकारी, कर्मचारी तैनात किए लेकिन वह सिर्फ दिखावा साबित हुआ। गहलोत ने कहा, ‘‘जो सरकार अपने ही गोदामों में उपलब्ध खाद अन्नदाता तक नहीं पहुंचा सकती, वह आखिर किस मुंह से खुद को किसान हितैषी होने का दावा करती है??’’

भाषा पृथ्वी मनीषा आशीष

आशीष