जोधपुर में ‘तरंग शक्ति’ अभ्यास में अमेरिकी एफ-35 समेत कई देशों के लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे

Ads

जोधपुर में ‘तरंग शक्ति’ अभ्यास में अमेरिकी एफ-35 समेत कई देशों के लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 03:52 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 03:52 PM IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को बताया कि 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर आयोजित अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के दूसरे संस्करण में सात देश अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) हिस्सा लेंगे।

बहुपक्षीय हवाई अभ्यास के दौरान भारत राफेल, मिराज-2000, जगुआर, तेजस, मिग-29 और एसयू-30 एमकेआई समेत अन्य हवाई संसाधनों का प्रदर्शन करेगा। इस अभ्यास का उद्देश्य देश की रक्षा क्षमता को प्रदर्शित करना और विभिन्न देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल एवं संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता को बढ़ावा देने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है।

भारतीय वायुसेना ने कहा कि विभिन्न देशों की वायु सेनाओं के बीच अमेरिका का बहुउद्देशीय ‘स्टील्थ’ लड़ाकू विमान एफ-35, फ्रांस का राफेल, यूएई का एफ-16 और बांग्लादेश का सी-130जे जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर दो सप्ताह तक अपने ‘‘संयुक्त सामरिक युद्धाभ्यास’’ का प्रदर्शन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि एफ-35 ने ‘एयरो इंडिया 2025’ में हिस्सा लिया था, लेकिन अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ में यह पहली बार प्रदर्शित किया जाएगा।

यह बड़ा अभ्यास ‘वीर गार्जियन’ अभ्यास के तुरंत बाद आयोजित किया जाएगा। ‘वीर गार्जियन’ भारत और जापान की वायु सेनाओं के बीच होने वाला द्विपक्षीय हवाई अभ्यास है, जो नौ से 22 सितंबर तक इसी स्थान पर आयोजित किया गया।

अभ्यास का पहला संस्करण 2024 में दो चरण में तमिलनाडु के सुलूर और जोधपुर में आयोजित किया गया था। इसमें ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस समेत कई देशों के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया था।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश