नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने सोमवार को सोशल मीडिया पर आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि फिल्म की कहानी ‘शानदार’ है और इसमें हर कलाकार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
‘धुरंधर’ पिछले साल पांच दिसंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और राकेश बेदी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 30 जनवरी से ओटीटी(ओवर द टॉप) मंच ‘नेटफ्लिक्स’ पर प्रदर्शित की जा रही है।
कपूर ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह 19 मार्च को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाने वाली फिल्म की अगली कड़ी का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा, ‘आखिरकार नेटफ्लिक्स पर धुरंधर देखी। कहानी कहने का अंदाज बहुत शानदार है और छोटे किरदारों में भी कलाकारों का प्रदर्शन काफी ऊंचे स्तर का है। निर्देशक आदित्य धर उन सभी तारीफों के हकदार हैं जो उन्हें मिल रही हैं।’
यह फिल्म कराची के ल्यारी शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित है जो गैंगवार और हिंसक क्षेत्रीय लड़ाइयों के अपने इतिहास के लिए जाना जाता है।
फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं और यह फिल्म कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमले और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित खुफिया अभियानों की कहानी है।
इस फिल्म का निर्माण आदित्य धर और लोकेश धर ने ज्योति देशपांडे के ‘जियो स्टूडियोज’ के सहयोग से ‘बी62 स्टूडियोज’ के बैनर तले किया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश