निजी विश्वविद्यालयों में वित्तीय पारदर्शिता छात्रों के हित में महत्वपूर्ण: एबीवीपी

Ads

निजी विश्वविद्यालयों में वित्तीय पारदर्शिता छात्रों के हित में महत्वपूर्ण: एबीवीपी

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 09:06 PM IST

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शनिवार को कहा कि छात्रों और अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए निजी विश्वविद्यालयों के वित्तीय कामकाज और शुल्क ढांचे में ज़्यादा पारदर्शिता जरूरी है।

निजी विश्वविद्यालयों से वित्तीय और अन्य विवरण मांगे जाने संबंधी उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले का स्वागत करते हुए एबीवीपी ने कहा कि यह निर्देश उच्च शिक्षा में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नोएडा स्थित एक निजी विश्वविद्यालय से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए उच्चतम न्यायालय ने केंद्र और राज्य सरकारों से निजी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से उनकी वित्तीय स्थिति, दाखिले, शुल्क, कोष, नियुक्तियों और शिकायत निवारण व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने को कहा है।

एबीवीपी ने कहा, ‘‘ऑडिट किए गए खातों, शुल्क ढांचा और सरकार से मिले लाभों का विवरण सार्वजनिक करने को लेकर अदालत के निर्देश उच्च शिक्षा में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।’’

एबीवीपी ने कहा, “उच्च शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सीधे छात्रों और अभिभावकों के हितों से जुड़ी हैं। शुल्क ढांचा, वित्तीय प्रबंधन तथा सरकार से मिली विभिन्न सुविधाओं और लाभों का स्पष्ट खुलासा छात्रों, अभिभावकों और पूरे समाज के बीच विश्वास मजबूत करेगा।”

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत