बेंगलुरु, 25 मई (भाषा) बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में 36 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि अस्पताल के एक पुरुष कर्मचारी ने शौचालय में उसकी चोरी-छिपे तस्वीर लेने या वीडियो बनाने की कोशिश की जिसके बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह कथित घटना 21 मई को सरजापुर रोड स्थित अस्पताल में हुई।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वह शौचालय में थी तो उसने एक पुरुष कर्मचारी को संदिग्ध तरीके से व्यवहार करते देखा। महिला ने आरोप लगाया कि पुरुष कर्मचारी अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला को इस बात का गंभीर संदेह हुआ कि आरोपी ने शौचालय के अंदर उसकी तस्वीरें लीं या वीडियो बना लिए।
अधिकारी ने बताया कि महिला ने जब उससे इस बारे में तुरंत सवाल किया तो वह मौके से कथित तौर पर फरार हो गया।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि वह गर्भवती है और इस घटना के कारण उसे गंभीर मानसिक तनाव, भय और अपमान सहना पड़ा। उसने कहा, ‘‘आरोपी एवं अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए यह शिकायत की जा रही है।’’
अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ यहां वर्थुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 77 (ताक-झांक), 79 (किसी महिला की मर्यादा का अपमान करने के इरादे से शब्द कहना, इशारा करना या कृत्य करना) और 62 (अपराध करने का प्रयास) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मोबाइल फोन में कथित तस्वीरें या वीडियो नहीं मिले।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने इस संबंध में आरोपी और अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी किए हैं। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि आगे की जांच की जा सके।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा