नोएडा, 25 मई (भाषा) थाना दादरी क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे परसोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक बुलेट मोटरसाइकिल के नीचे लहूलुहान अवस्था में दबा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विसाहढा रोड स्थित ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के पास एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल के नीचे दबा पड़ा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो युवक मृत मिला।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गौरव (28) निवासी सिकंदराबाद, बुलंदशहर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के दौरान मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे युवक बाइक के नीचे दब गया। गंभीर चोट लगने और भारी मोटरसाइकिल के नीचे दबे रहने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बुलेट के गर्म साइलेंसर से युवक झुलस भी गया था।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा परिजनों को घटना की सूचना दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
भाषा सं मनीषा
मनीषा