बेंगलुरु, एक जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में कन्नड़ समर्थक संगठन के सदस्यों ने ‘‘हिंदी थोपे जाने’’ के विरोध में बीईएल सर्कल पर साइनबोर्ड में तोड़-फोड़ की, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को हुई।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) कैंपस के बाहर सार्वजनिक मार्ग पर साइनबोर्ड बिना अनुमति के लगाया गया था।
पुलिस के अनुसार, ‘कर्नाटक रक्षण वेदिके’ के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान साइनबोर्ड को हटा दिया और कहा कि वे राज्य में हिंदी को ‘‘बढ़ावा देने की कोशिशों’’ का विरोध करना जारी रखेंगे।
बाद में पुलिस ने दखल दिया और स्थिति को काबू में किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने कार्रवाई की है और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दंगा करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य अपराधों के लिए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश