पूर्व मुख्यमंत्री विजयन से जुड़े छापे के बाद ईडी अधिकारियों पर हमला, 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

पूर्व मुख्यमंत्री विजयन से जुड़े छापे के बाद ईडी अधिकारियों पर हमला, 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 12:08 AM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 12:08 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से जुड़े एक परिसर में छापेमारी के बाद यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों पर हुए कथित हमले के सिलसिले में केरल पुलिस ने लगभग 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा होना, दंगा करना, लोक सेवकों पर हमला, गलत तरीके से रोकना और हत्या के प्रयास शामिल हैं। इसमें सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।

सबसे गंभीर आरोपों में बीएनएस की धारा 109 के तहत हत्या का प्रयास शामिल है, जिसमें 10 साल तक की कैद या गंभीर चोटें आने की स्थिति में आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान है।

म्यूजियम थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने ईडी टीम के साथ जा रहे अधिकारियों पर लाठियों से हमले किये, जिससे एक अधिकारी के हाथ में चोट आई।

आरोप है कि वाहनों पर पथराव और ईंटें फेंकी गईं, जिससे एक कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राथमिकी के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और केरल पुलिस के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया गया।

इस हिंसा के दौरान कई अधिकारियों को चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों की ‘पहचान की जा सकती है’, हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।

पुलिस इलाके से जुटाए गए वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों की भी जांच कर रही है।

प्राथमिकी के अनुसार, यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब ईडी अधिकारियों ने बेकरी जंक्शन के पास एक किराये के मकान में अपनी तलाशी पूरी की, जहां केरल विधानसभा में विपक्ष के वर्तमान नेता विजयन और उनकी बेटी रह रहे थे।

प्राथमिकी में कहा गया है कि तलाशी अभियान सुबह करीब 7:15 बजे शुरू हुआ और सात घंटे से अधिक समय तक चला। कार्रवाई पूरी करने के बाद ईडी अधिकारी और उनके साथ आए कर्मचारी तीन सरकारी वाहनों में परिसर से निकलने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस का आरोप है कि तब तक घर के बाहर करीब 300 लोगों की भीड़ जमा हो चुकी थी।

आरोप है कि यह समूह लाठियों, पत्थरों और ईंटों से लैस था। प्राथमिकी के मुताबिक, जैसे ही वाहन सड़क पर आए, भीड़ ने उन्हें घेर लिया, अपशब्द कहे और अधिकारियों को ‘मार डालने’ के नारे लगाए।

ईडी की यह छापेमारी विजयन की बेटी की कंपनी और एक रेत खनन कंपनी के बीच हुए वित्तीय लेनदेन से जुड़ी थी।

सीएमआरएल धनशोधन मामले में विजयन की बेटी वीणा टी. के खिलाफ जारी जांच के तहत ईडी ने केरल में कुल 10 परिसरों पर छापे मारे, जिसमें बेकरी जंक्शन स्थित विजयन का किराए का मकान और कन्नूर स्थित उनका स्थायी निवास शामिल है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश