ठाणे में एक प्लास्टिक शीट निर्माण इकाई में लगी आग, कोई भी घायल नहीं

Ads

ठाणे में एक प्लास्टिक शीट निर्माण इकाई में लगी आग, कोई भी घायल नहीं

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 06:42 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 06:42 PM IST

ठाणे, 16 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार सुबह एक प्लास्टिक शीट निर्माण इकाई में आग लग गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, यह आग पोखरण मार्ग संख्या 1 पर स्थित औद्योगिक परिसर ‘पांडे इंडस्ट्रियल एस्टेट’ में ‘एसआरके ट्रेडर्स’ इकाई कंपनी में लगी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ लेकिन संपत्ति के ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

अधिकारी ने बताया कि सुबह छह बज कर 21 मिनट पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल गाड़ियां और आपातकालीन कर्मी अग्निशमन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तड़वी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगभग 1,200 वर्ग फुट क्षेत्र में फैली फैक्टरी तक ही सीमित थी।

तड़वी ने बताया कि आग के कारण ‘प्लास्टिक शीट’ के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सभी मशीनरी और कच्चा माल नष्ट हो गया।

उन्होंने कहा कि भीषण तपिश के कारण परिसर की सीमेंट की नालीदार छत ढह गई।

अधिकारी ने बताया, ‘घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जारी है।’

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश