दिल्ली के पार्क में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में पांच किशोर पकड़े गए
दिल्ली के पार्क में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में पांच किशोर पकड़े गए
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक पार्क में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोप में 13 वर्षीय लड़के समेत पांच नाबालिगों को पकड़ा गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि हमले के दौरान व्यक्ति को बचाने की कोशिश में महिला भी चाकू लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो चाकू और हमले के दौरान किशोरों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
अधिकारी ने कहा कि आरोपियों ने मौके से भागने के बाद कपड़े सराय रोहिल्ला इलाके में छिपा दिए थे। बाद में जांच के तहत कपड़े बरामद कर लिए गए। घटना बुधवार को भारत नगर इलाके के खिम्मन सिंह पार्क में हुई।
पुलिस जांच के मुताबिक, सुनील और उसकी 26 वर्षीय महिला मित्र देवकी पार्क में बैठे हुए थे, तभी युवकों का एक समूह उनके पास आया और उन्होंने कथित तौर पर महिला पर अभद्र टिप्पणी की और उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि जब सुनील ने हस्तक्षेप किया और उनके व्यवहार पर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और इसी दौरान किशोरों ने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया और सुनील पर इससे कई बार वार किया।
पुलिस ने कहा कि जब देवकी उसे बचाने के लिए दौड़ी, तो हमलावरों ने उस पर भी चाकुओं से हमला किया।
पुलिस ने कहा कि चाकूबाजी के संबंध में अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुनील को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि देवकी को फेफड़े में चोट लगने की आशंका के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “महिला और पुरुष पार्क में बैठे थे, तभी कुछ लोगों और उनके बीच बहस हो गई।” उन्होंने कहा कि जांच से हमले में कथित तौर पर शामिल सभी पांच किशोरों की पहचान हो गई है।
अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान कई चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज किए गए। अपराधियों को तुरंत पकड़ने के लिए कई टीमों को काम सौंपा गया था।
अधिकारी ने कहा, “हमारी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं और सभी पांच किशोरों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया।”
घायल महिला के बयान और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस की कई टीमों ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पूछताछ और उसके बाद की तलाशी के दौरान, टीमों ने कथित तौर पर हमले में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए। पुलिस ने कहा कि बरामद हथियारों और कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांचकर्ता इस बात की छानबीन कर रहे हैं कि हमले में पांचों किशोरों ने क्या-क्या भूमिका निभाई। इसके अलावा मामले को मजबूत करने के लिए वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है, जबकि किशोरों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही की जा रही है।
भाषा
नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


