डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

Ads

डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 10:15 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 10:15 PM IST

नोएडा, पांच अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले की बीटा-2 थाना पुलिस ने दिल्ली के एक जौहरी के मुनीम और कर्मचारी से हथियार के बल पर कथित तौर पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और कच्ची चांदी लूटने वाले पांच बदमाशों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटी हुई चांदी और सोने के जेवरात के अलावा वारदात में इस्तेमाल कार, तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (तृतीय जोन) रविशंकर निम ने बताया कि दो अगस्त को दिल्ली के एक जौहरी के मुनीम राम प्रकाश शर्मा ने बीटा-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने एक साथी के साथ कच्ची चांदी और सोने के जेवरात लेकर आगरा जा रहा था, तभी परी चौक के पास कार सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसका वाहन रोका और उसके साथ लूटपाट की।

निम के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी घटना को अंजाम देकर जुनेदपुर गांव के जंगल में पहुंचे, जहां पहले से उनका इंतजार कर रहे अन्य साथी उनसे मिले।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि कमलकांत इस गिरोह का सरगना है और उसने जौहरी की दुकान की कई दिनों तक टोह ली थी।

भाषा

सं पारुल

पारुल