जयपुर, 27 अप्रैल (भाषा) गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने सोमवार को कहा कि राज्य का पर्यटन अब केवल समुद्र तटों तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने बताया कि गोवा में अब त्योहारों, सांस्कृतिक अनुभवों और नए पर्यटन स्थलों को शामिल करते हुए 365 दिन का पर्यटन कैलेंडर तैयार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।
जयपुर में शुरू हुए 15वें ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार में पत्रकारों से बातचीत में पर्यटन मंत्री ने कहा कि “हमारा ध्यान गोवा को विश्वस्तरीय, सालभर चलने वाला पर्यटन बनाने पर है।”
उन्होंने कहा, “समुद्र तटों से परे गोवा” की अवधारणा के तहत गोवा के पारंपरिक उत्सवों, स्पिरिट ऑफ गोवा और सामुदायिक त्योहारों का मजबूत कैलेंडर तैयार किया जा रहा है।’’
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मानसून पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि गोवा सर्दियों के अलावा भी आकर्षक गंतव्य बने।
उन्होंने कहा, “राज्य नए पर्यटन क्षेत्रों में भी विस्तार कर रहा है, जिनमें विवाह पर्यटन, वेलनेस और आयुर्वेद शामिल हैं। इसके अलावा खेल पर्यटन, खानपान आधारित पर्यटन और वर्केशन (छुट्टियां मनाते हुए काम करना) यात्रा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन