अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री विजयभास्कर जल्द ही अपने ‘राजनीतिक कदम’ की घोषणा करेंगे

Ads

अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री विजयभास्कर जल्द ही अपने 'राजनीतिक कदम' की घोषणा करेंगे

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 06:39 PM IST

पुडुकोट्टई (तमिलनाडु), 28 मई (भाषा) ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) के पूर्व मंत्री सी. विजयभास्कर ने बृहस्पतिवार को अपने समर्थकों के साथ परामर्श बैठक करके सबको चौंका दिया। विजयभास्कर उन बागी विधायकों में शामिल थे, जो पार्टी में लौट आए।

बाद में, उन्होंने घोषणा की कि उनका अगला राजनीतिक कदम उनके समर्थकों और उन्हें विरालीमलाई विधानसभा क्षेत्र से चुनने वाले लोगों की इच्छाओं के अनुरूप होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही अपने अगले कदम की घोषणा करेंगे।

पेशे से चिकित्सक विजयभास्कर ने कहा कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से प्रतिक्रिया (फीडबैक) प्राप्त की है, जिनकी वजह से उन्हें 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में विरालीमलाई से जीत हासिल हुई है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने धैर्यपूर्वक उनकी बातें सुनीं। मैंने उनसे धैर्य रखने को कहा।’’ जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने समर्थकों के साथ सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, तो विजयभास्कर ने जवाब दिया, ‘‘मैं अटकलों का जवाब नहीं दे सकता। मेरी उम्र 51 साल है। मैंने 25 साल तक अन्नाद्रमुक की सेवा की है और मैंने जितने भी चुनाव लड़े, सभी जीते। मैंने महामारी के दौरान भी जनता की सेवा की और मेरा उद्देश्य जनता की सेवा करना है।’’

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश