पू्र्व मंत्री वीणा जॉर्ज ने बिजली कटौती से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बंद होने पर मरीज की मौत पर दुख जताया

Ads

पू्र्व मंत्री वीणा जॉर्ज ने बिजली कटौती से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बंद होने पर मरीज की मौत पर दुख जताया

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 12:39 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 12:39 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 17 जुलाई (भाषा) केरल की पूर्व मंत्री वीणा जॉर्ज ने शुक्रवार को पलक्कड़ में एक मरीज की मौत पर दुख जताया। आरोप है कि बिजली कटौती के कारण मरीज का ‘ऑक्सीजन कंसंट्रेटर’ बंद हो गया, जिससे ऑक्सीजन की कमी के कारण उसकी मौत हो गई।

वीणा ने बताया कि इस घटना की जानकारी एक स्वास्थ्यकर्मी की सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आई।

उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि स्वास्थ्यकर्मी चित्रा अभय के अनुसार, मरीज को पिछले सप्ताह अस्पताल से ‘ऑक्सीजन सपोर्ट’ के साथ छुट्टी दी गई थी और उसे लगातार ऑक्सीजन की जरूरत थी।

चित्रा के अनुसार, आधी रात को बिजली कटने के बाद मरीज का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर काम करना बंद कर दिया। परिवार ने जब केरल राज्य विद्युत बोर्ड के कार्यालय से संपर्क किया तो उनसे कथित तौर पर पूछा गया कि उन्होंने इन्वर्टर क्यों नहीं खरीदा।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता वीणा ने इस घटना को ‘‘हृदयविदारक’’ बताते हुए कहा कि कई परिवार इन्वर्टर या जनरेटर खरीदने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है और इसे बेहद गंभीर स्थिति बताया।

चित्रा के अनुसार, बिजली बहाल होने के बाद मशीन फिर शुरू की गई, लेकिन मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ और सुबह करीब छह बजे उसकी मौत हो गई।

वहीं, वीणा ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘अब एक दिन में कई बार बिजली कटौती हो रही है। सरकार को अपनी चुप्पी खत्म करनी चाहिए।’’

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष