सरकार एआई-171 विमान हादसे की रिपोर्ट जल्द जारी कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही : नायडू

Ads

सरकार एआई-171 विमान हादसे की रिपोर्ट जल्द जारी कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही : नायडू

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 12:11 AM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 12:11 AM IST

वडोदरा, 17 जुलाई (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि सरकार जून 2025 में अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच संबंधी अंतिम रिपोर्ट जल्द से जल्द जारी कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी।

नायडू ने कहा कि सरकार ने विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए हैं।

नायडू ने रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘जांच अभी जारी है। हम इसे पूरा करने और अंतिम रिपोर्ट जल्द से जल्द प्राप्त करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, हमें यह ध्यान रखना होगा कि प्रक्रिया में जल्दबाजी करने से सच्चाई सामने आने में बाधा पड़ सकती है।’’

केंद्रीय मंत्री ने गति शक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी) के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे सभी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य वास्तविक तथ्यों का पता लगाना है। मैं पीड़ितों के परिवारों से भी कहना चाहता हूं कि सच्चाई सामने आने पर ही न्याय होगा। इसी उद्देश्य से हम पूरी तरह एएआईबी पर भरोसा कर रहे हैं और उसे सभी आवश्यक संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध करा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि रिपोर्ट जल्द से जल्द पूरी हो जाएगी।’’

एएआईबी ने 14 जुलाई को उच्चतम न्यायालय को बताया था कि अंतिम रिपोर्ट का मसौदा अक्टूबर तक तैयार होने की उम्मीद है।

एअर इंडिया का विमान 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 229 यात्री, चालक दल के 12 सदस्य और जमीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे।

भाषा सिम्मी संतोष

संतोष