नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) भारतीय वायुसेना के कई राफेल लड़ाकू विमान 20 जुलाई से सात अगस्त तक ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में होने वाले व्यापक अंतरराष्ट्रीय हवाई अभ्यास ‘पिच ब्लैक’ में हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को कहा कि इस अभ्यास से अभियानगत तालमेल बेहतर होगा और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान में मदद मिलेगी।
‘रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयरफोर्स’ (आरएएएफ) की वेबसाइट के अनुसार, ‘पिच ब्लैक’ उसका सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय अभ्यास है। डार्विन में तीन सप्ताह तक चलने वाले इस अभ्यास में दुनिया के सबसे बड़े सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्रों में से एक में युद्ध जैसी जटिल परिस्थितियों का अभ्यास किया जाता है।
भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना का दल ‘पिच ब्लैक-2026’ अभ्यास में भाग लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया है।’’
उसने कहा, ‘‘हर दो वर्ष में आयोजित होने वाले इस प्रमुख बहुराष्ट्रीय हवाई युद्ध अभ्यास में 19 देशों की वायुसेनाएं हिस्सा ले रही हैं। यह परस्पर संचालन क्षमता बढ़ाने और अभियानगत सहयोग मजबूत करने का अनूठा मंच है।’’
वायुसेना ने अपने लड़ाकू विमानों और वायु योद्धाओं की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना अत्याधुनिक राफेल विमानों के साथ मित्र देशों की वायुसेनाओं के साथ प्रशिक्षण लेगी। इस अभ्यास से अभियानगत तालमेल बेहतर होगा और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान में मदद मिलेगी। तैयार। सक्षम। केंद्रित।’’
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष