मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने कहा ‘द केरल स्टोरी 2’ फिल्म देखूंगा

Ads

मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने कहा ‘द केरल स्टोरी 2’ फिल्म देखूंगा

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 05:29 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 28 फरवरी (भाषा) मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने शनिवार को कहा कि वह ‘द केरल स्टोरी 2-गोज बियॉन्ड’ फिल्म देखेंगे।

राजशेखरन ने कहा कि उन्होंने फिल्म का पहला भाग देखा था और उसमें उन्हें कोई खामी नहीं मिली थी।

भाजपा की केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके राजशेखरन ने कहा कि फिल्म की अगली कड़ी में भी कोई खामी नहीं है।

उन्होंने पूछा कि इससे राज्य में धर्मनिरपेक्षता पर क्या असर पड़ेगा।

राजशेखरन ने पत्रकारों से बात करते हुए पूछा, “मैं इसे जरूर देखूंगा। मैंने पहली फिल्म देखी थी और उसमें कोई खामी नहीं थी। इस फिल्म (द केरल स्टोरी 2) में भी कोई खामी नहीं है। इससे धर्मनिरपेक्षता पर क्या असर पड़ेगा?”

जब पत्रकारों ने उन्हें बताया कि फिल्म के टिकटों की बिक्री कम रही है, तो भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि फिल्म देखना है या नहीं, यह तय करने की आजादी सबकी है।

उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन महिलाओं की दुर्दशा के बारे में है, जिन्हें फिल्म में दिखाई गई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

राजशेखरन ने कहा कि ऐसी समस्याओं पर किताबें भी लिखी गई हैं लेकिन किसी ने उन पर आपत्ति नहीं जताई।

उन्होंने यह भी दावा किया कि ईसाई समेत अल्पसंख्यक समुदायों में ऐसी चरमपंथी गतिविधियों को लेकर डर का माहौल है।

केरल उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने शुक्रवार को एकल न्यायाधीश के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसके तहत फिल्म की रिलीज 15 दिनों के लिए स्थगित कर दी गई थी।

खंडपीठ के फैसले से ‘द केरल स्टोरी 2-गोज बियॉन्ड’ की रिलीज का रास्ता साफ कर दिया।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष