चंडीगढ़, 22 सितंबर (भाषा) पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) से हाल में निष्कासित पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने 15 सितंबर को खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र में पार्टी विरोधी गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल होने के कारण ब्रह्मपुरा को निष्कासित कर दिया था।
रविंदर ब्रह्मपुरा, अकाली दल के पूर्व सांसद दिवंगत रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा के बेटे हैं। वह खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं।
मान ने रविंदर ब्रह्मपुरा और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया।
मान ने कहा, “आज पंजाब की प्रगति के हमारे दृष्टिकोण के साथ जुड़ते हुए माझा के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। हम रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा जी के बेटे और खडूर साहिब के पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा तथा उनके सहयोगियों का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।”
उन्होंने कहा कि इस जुड़ाव से पार्टी को जमीनी स्तर पर बड़ी मजबूती मिली है। मान ने कहा, “पारंपरिक दलों की जनविरोधी नीतियों से परेशान होकर पंजाब के लिए खड़े लोग अब हमारी ईमानदार सरकार का मजबूती से समर्थन कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हम इन सभी नेताओं को पार्टी में पूरा मान-सम्मान देंगे और मिलकर समृद्ध ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए काम करेंगे।”
पंजाब में अगले साल के शुरु में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा