नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत एन्क्लेव इलाके में सेना के एक ब्रिगेडियर और उनके बेटे से कथित तौर पर मारपीट करने एवं उनकी पत्नी को धमकी देने के मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह (36), सुनील शर्मा (53), आशीष (32) और सतेंद्र (35) के रूप में हुई है। सुरजीत, सुनील और आशीष सभी दिल्ली के मेहरम नगर के निवासी हैं और सतेंद्र हरियाणा के भिवानी का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, सुरजीत सिंह मुख्य आरोपी सतेंद्र का परिचित है। सतेंद्र एक विमानन कंपनी का निदेशक है। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपी मेहरम नगर में एक साथ बैठे थे, तभी सतेंद्र ने वसंत एन्क्लेव में हुए झगड़े के सिलसिले में उन्हें फोन किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘फोन आने के बाद आरोपी सुरजीत की सफेद रंग की कार में घटनास्थल के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहासुनी एवं मारपीट की और फिर वे अपने-अपने घर लौट गए।’’
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गए और छिप गए।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी तलाश के लिए टीम गठित की गईं और फरार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।’’
पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल की रात को हुई, जब ब्रिगेडियर और उनके बेटे ने अपने घर के बाहर खड़ी एक कार में दो लोगों के कथित तौर पर शराब पीने पर आपत्ति जताई। कुछ ही देर में अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ब्रिगेडियर और उनके बेटे से कथित तौर पर मारपीट की और साथ ही उनकी पत्नी से अपशब्द कहे तथा धमकी भी दी।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी