शाहबाद डेयरी में 40 लाख की लूट के मामले में कबाड़ कारोबारी समेत चार लोग गिरफ्तार

शाहबाद डेयरी में 40 लाख की लूट के मामले में कबाड़ कारोबारी समेत चार लोग गिरफ्तार

शाहबाद डेयरी में 40 लाख की लूट के मामले में कबाड़ कारोबारी समेत चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: January 22, 2026 / 05:10 pm IST
Published Date: January 22, 2026 5:10 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) शाहबाद डेयरी इलाके में 40 लाख रुपये की लूट की साजिश रचने के आरोप में एक कबाड़ कारोबारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कारोबारी ने धन राशि लौटाने से बचने के लिए इस डकैती की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता कबाड़ कारोबारी अमिताभ अग्रवाल ने 19 जनवरी को शिकायतकर्ता कमल यादव को एक व्यापारिक लेनदेन के सिलसिले में 40 लाख रुपये सौंपने के लिए बुलाया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अग्रवाल पहले एक पीवीसी फैक्टरी संचालित करता था और 2025 में जीएसटी धोखाधड़ी के एक मामले में छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि नया व्यवसाय शुरू करने के बाद अग्रवाल ने कथित तौर पर सौदे के लिए दी गई रकम वापस लेने के लिए साजिश रची।

उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे अग्रवाल ने साजिश रची जिसके तहत नकदी देने के बाद उसने अपने दो साथी वीरेंद्र कुमार और पवन शर्मा को शिकायतकर्ता से लूटपाट के लिए भेजा।

पुलिस ने बताया कि अग्रवाल जिस कार में पीड़ित से मिलने आया था, उसके चालक को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई कार और स्कूटर को जब्त कर लिया गया है तथा लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली गई है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में