कोच्चि, 28 सितंबर (भाषा) केरलम के पल्लीवासल में एक ‘क्रॉस’ पर कथित रूप से चढ़कर तस्वीरें खींचने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार युवकों की पहचान मोहम्मद अजमिन, मोहम्मद निसान, मोहम्मद इरफान और मोहम्मद मुख्तार के रूप में हुई है। ये सभी कोझिकोड जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि घटना 19 सितंबर की है। नीलकुरिंजी के फूल देखने पहुंचे इन युवकों ने कथित तौर पर क्रॉस पर चढ़कर तस्वीरें खींचीं।
यह ‘क्रॉस’ पल्लीवासल स्थित सेंट ऐन्स चर्च ने एक पहाड़ी पर स्थापित किया है। पुलिस ने बताया कि यह क्षेत्र आमतौर पर लोगों के लिए खुला नहीं रहता है।
अधिकारियों के अनुसार, युवकों ने कथित तौर पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर रविवार को चारों युवकों को उनके मूल स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि युवकों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवकों को बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा खारी
खारी