सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री में शामिल गिरोह का भंडाफोड़, पांच लोग गिरफ्तार

Ads

सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री में शामिल गिरोह का भंडाफोड़, पांच लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 05:54 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 05:54 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने अस्पतालों में सरकार की तरफ से मुफ्त वितरण के लिए दी जाने वाली दवाओं की अवैध हेराफेरी और बिक्री में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है और 70 लाख रुपये की दवाएं जब्त की हैं। एक अधिकारी ने रविवार को बताया।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि इस मामले में दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में तैनात एक फार्मासिस्ट और संविदा पर नियुक्त एक सहायक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों की पहचान नीरज कुमार, सुशील कुमार, लक्ष्मण मुखिया, बिनेश कुमार और प्रकाश महतो के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘उनके पास से लगभग 70 लाख रुपये की दवाएं, साथ ही परिवहन के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक टेम्पो और एक कार बरामद की गई।’

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को तीस हजारी इलाके में ‘सरकारी आपूर्ति, बिक्री के लिए नहीं’ अंकित माल की ढुलाई करते समय पकड़ा गया।

पूछताछ के दौरान पता चला कि यह गिरोह एक साल से अधिक समय से सक्रिय था तथा अस्पतालों के भंडार से दवाएं निकालकर कई शहरों में स्थित दलालों के नेटवर्क के माध्यम से खुले बाजार में बेची जा रही थीं।

पुलिस ने बताया कि फार्मासिस्ट नीरज कुमार ने भंडार के रिकॉर्ड में हेराफेरी की, जबकि उसके सहायक ने दवाओं को बाहर पहुंचाने में मदद की।

अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने तथा वित्तीय लेनदेन का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

शुभम सुभाष

सुभाष